जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में शुक्रवार को स्कूली बच्चों को लेकर जा रही टाटा विंगर के दुर्घटनाग्रस्त होने से करीब 17 बच्चे घायल हो गए. हादसा टेल्को स्टेडियम- भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर N-111 के समीप हुआ. अनियंत्रित हुई स्कूल वैन सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई. हादसे में चालक समेत दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है.


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वैन चिन्मया विद्यालय के बच्चों को लेकर जा रही थी. इसी दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ा और वह डिवाइडर पर चढ़ गई. टक्कर इतनी तेज थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के फ्लैट और घरों से लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाने में मदद की.
कार को बचाने के दौरान हादसे की आशंका
घटनास्थल पर मौजूद एक स्थानीय निवासी के अनुसार दुर्घटना से ठीक पहले एक कार स्कूल वैन के काफी करीब से गुजरी थी. आशंका जताई जा रही है कि कार को बचाने अथवा उसकी गतिविधि पर ध्यान जाने के दौरान वैन चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और वैन डिवाइडर से टकरा गई. हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. प्रत्यक्षदर्शी के इस दावे की भी पुलिस जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी.
सूचना मिलते ही टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया. क्षतिग्रस्त वैन को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर भी हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है.
घटना ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा, चालक की सतर्कता और बच्चों के सुरक्षित परिवहन से जुड़े सवालों को एक बार फिर सामने ला दिया है. फिलहाल प्राथमिकता घायल बच्चों के उपचार की है, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है.

