चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ईचाडीह पंचायत के आदरडीह में शुक्रवार को आंगनबाड़ी सेविका के चयन को लेकर आमसभा आयोजित की गई. इसमें सेविका पद के लिए कुल पांच अभ्यर्थियों ने आवेदन किया.


निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत शैक्षणिक योग्यता एवं अन्य मानकों के आधार पर अभ्यर्थियों के अंकों का आकलन किया गया. इसमें रेखा कुमारी 21 अंक प्राप्त कर सूची में पहले स्थान पर रहीं. वहीं जयंती महतो को 19, ऊषा भुइयां को 18, रुनु रानी महतो को 17 और विशाखा महतो को 7 अंक प्राप्त हुए.
आमसभा की अध्यक्षता कुकड़ू अंचल अधिकारी अभय द्विवेदी ने की. उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की सूची प्रमाणपत्रों की जांच के लिए जिला स्तर पर भेजी जाएगी. प्रमाणपत्रों के सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अंतिम चयन किया जाएगा.
आमसभा में ग्राम प्रधान अभिराम बनर्जी, मुखिया चित्तरंजन सिंह मुंडा, पंचायत समिति सदस्य मंगल सिंह मुंडा, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि बासुदेव गोप और शिक्षक गुणधर महतो समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे.

