चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल स्थित खुंचीडीह में कोहिनूर स्टील प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापेमारी की. करीब 900 करोड़ रुपये के कथित बैंक फ्रॉड से जुड़े मामले में हुई इस कार्रवाई के दौरान ईडी की टीम ने लगभग आठ घंटे तक कंपनी के दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की.


प्राप्त जानकारी के अनुसार रांची से पहुंची ईडी की पांच सदस्यीय टीम सुबह करीब पांच बजे कंपनी परिसर में दाखिल हुई और दोपहर करीब एक बजे तक जांच करती रही. इस दौरान कंपनी कार्यालय में मौजूद वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों, ऋण और परियोजना से जुड़े दस्तावेज खंगाले जाने की बात सामने आई है.
66 मेगावाट पावर प्लांट के लिए लिए गए लोन की जांच
मामला खुंचीडीह में प्रस्तावित 66 मेगावाट थर्मल पावर प्लांट से जुड़ा बताया जा रहा है. आरोप है कि परियोजना के नाम पर विभिन्न बैंकों से करीब 900 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था. जांच एजेंसियों को कथित तौर पर संदेह है कि ऋण की पूरी राशि निर्धारित परियोजना में इस्तेमाल नहीं हुई और रकम का एक हिस्सा दूसरी समूह कंपनियों अथवा अन्य मदों में डायवर्ट किया गया. हालांकि रकम के कथित डायवर्जन और उसके इस्तेमाल से संबंधित आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
करीब 20 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की सूचना
जानकारी के अनुसार ईडी ने कोहिनूर स्टील से जुड़े जमशेदपुर, कोलकाता समेत करीब 20 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की. चांडिल स्थित कंपनी परिसर में घंटों चली जांच से औद्योगिक क्षेत्र में हलचल रही. अब जांच का महत्वपूर्ण पहलू यह होगा कि बैंकों से प्राप्त ऋण की रकम का वास्तविक उपयोग कहां हुआ, पावर प्लांट परियोजना पर कितनी राशि खर्च की गई और वित्तीय लेन-देन में किसी तरह की अनियमितता हुई या नहीं.
फिलहाल इस कार्रवाई और जांच में हुई बरामदगी को लेकर ईडी की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में छापेमारी से संबंधित रकम, दस्तावेजों और कथित फंड डायवर्जन के दावों की पूरी तस्वीर एजेंसी की आधिकारिक जानकारी के बाद स्पष्ट होगी.

