जमशेदपुर: आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की बैठक रविवार को निर्मल गेस्ट हाउस में जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में 7 और 8 अगस्त को आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई और उनकी सफलता को लेकर रणनीति बनाई गई.



बैठक में बताया गया कि 7 अगस्त को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में आजसू युवा का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित होगा. वहीं 8 अगस्त को झारखंड आंदोलन के अमर शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर कदमा स्थित गणेश पूजा मैदान में विशाल सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा. पार्टी का दावा है कि दोनों कार्यक्रमों में पूरे झारखंड से हजारों कार्यकर्ता, युवा और समर्थक शामिल होंगे.
बैठक में जानकारी दी गई कि सम्मेलन में आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो, सांसद, विधायक, प्रधान महासचिव, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक समेत पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व मौजूद रहेगा. कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर रणनीति और झारखंड के भविष्य को लेकर आंदोलन की रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी. साथ ही विभिन्न दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े बड़ी संख्या में युवाओं के आजसू की सदस्यता ग्रहण करने की भी संभावना जताई गई.
मुख्य अतिथि एवं आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र साहिश ने कहा कि झारखंड आज अपनी पहचान, युवाओं के रोजगार, किसानों के अधिकार और विकास जैसे मुद्दों पर गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है. उन्होंने कहा कि 7 और 8 अगस्त का आयोजन केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के स्वाभिमान, अधिकार और परिवर्तन का उद्घोष होगा.
वहीं, केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि निर्मल महतो का बलिदान झारखंड की अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि सम्मेलन में हजारों कार्यकर्ता राज्यहित को सर्वोपरि रखते हुए संघर्ष का संकल्प लेंगे और आने वाले दिनों में जनहित के मुद्दों पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
बैठक में मौजूद अन्य नेताओं ने प्रदेशभर के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं और झारखंडवासियों से दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की. साथ ही कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





