जामताड़ा: जिलेवासियों को शिकायत और आवेदन लेकर बार-बार जिला मुख्यालय आने की परेशानी से जल्द राहत मिल सकती है. जिला प्रशासन विजिटर मैनेजमेंट सिस्टम शुरू करने की तैयारी में है. इसके माध्यम से लोग घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और अपने आवेदन की प्रगति भी जान सकेंगे.


सोमवार को उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी की समीक्षा बैठक में नई व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई. जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष ने वेबसाइट के माध्यम से सिस्टम की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया. उपायुक्त ने इसे जल्द शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया.
दूरदराज के लोगों को मिलेगी राहत
विजिटर मैनेजमेंट सिस्टम शुरू होने के बाद विशेष रूप से दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को अपनी समस्या लेकर जिला मुख्यालय आने की जरूरत कम होगी. वे ऑनलाइन आवेदन करने के साथ उसकी स्थिति भी देख सकेंगे.
बैठक में आईआरएडी, प्रज्ञा केंद्र, झारसेवा पोर्टल, यूआईडीएआई, मोबाइल नेटवर्क और डिजिटल पंचायत की भी समीक्षा हुई. उपायुक्त ने निष्क्रिय प्रज्ञा केंद्रों को चालू कराने, पंचायतों में इंटरनेट सुविधा बेहतर करने और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों को चिह्नित करने का निर्देश दिया.
झारसेवा पोर्टल पर लंबित आवेदनों को लेकर भी उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने को कहा. साथ ही भारतनेट की बाधित कनेक्टिविटी को दुरुस्त करने और समाहरणालय परिसर में बीएसएनएल नेटवर्क की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए गए.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

