चाईबासा: सोनुआ प्रखंड के पोड़ाहाट गांव में जय ग्राम युवा संघ के तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय कुड़मी समाज फुटबॉल प्रतियोगिता का हर्षोल्लास के साथ समापन हुआ. प्रतियोगिता में क्षेत्र की 16 टीमों ने हिस्सा लिया. पांच राउंड में खेले गए मुकाबलों के बाद कुड़मी समाज धातकीड़ीह चक्रधरपुर और कुड़मी समाज धानापाली मनोहरपुर की टीमें फाइनल में पहुंचीं.


फाइनल मुकाबला दोनों टीमों के बीच रोमांचक रहा. धातकीड़ीह की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए धानापाली मनोहरपुर की टीम को 1-0 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया. विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया. वहीं उपविजेता धानापाली मनोहरपुर की टीम को पोड़ाहाट गांव के समाजसेवी श्यामधन महतो ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
समापन समारोह में मुख्य अतिथि युवा आंदोलनकारी अमित महतो ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. उन्होंने युवाओं से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि युवा नशापान और धूम्रपान जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहें. युवाओं को नशे का त्याग कर अपनी पढ़ाई, नौकरी और व्यवसाय पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, ताकि वे अपने परिवार और समाज के साथ-साथ अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें.
समापन समारोह के दौरान अतिथियों, आयोजन समिति के सदस्यों और खिलाड़ियों ने कुड़माली गीतों की धुन पर पारंपरिक पटानाच का आनंद लिया. आयोजन को सफल बनाने में गांव के समाजसेवी रामदयाल महतो, कर्मवीर महतो समेत आयोजन समिति के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

