लक्ष्मी पूजा में स्टाफ को भुगतान के लिए रखे थे रुपये, पिछले साल भी हुई थी ऐसी घटना


जामताड़ा: करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुभाष चौक स्थित एक मिठाई दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। रात के अंधेरे में चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर गल्ले में रखे करीब 26 हजार रुपये चुरा लिये। चोरी की इस घटना से स्थानीय दुकानदारों में चिंता का माहौल है।
घटना को लेकर दुकान मालिक पारस साह, पिता स्वर्गीय भोला साह, निवासी करमाटांड़ ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को वह प्रतिदिन की तरह दुकान बंद कर घर चले गये थे. अगले दिन सुबह जब दुकान पहुंचे, तो ऊपर लगा अल्बेस्टर टूटा हुआ मिला.दुकान के अंदर जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 26 हजार रुपये गायब मिले.
दुकानदार ने बताया कि उक्त राशि लक्ष्मी पूजा के अवसर पर कर्मचारियों को भुगतान करने के लिए रखी गई थी. अचानक हुई चोरी से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है.
पिछले साल भी हुई थी चोरी
दुकान मालिक के अनुसार, उनकी दुकान में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। पिछले वर्ष भी इसी तरह शटर तोड़कर रुपये चोरी कर लिये गये थे. लगातार दो वर्षों में इस प्रकार की घटना सामने आने से दुकान की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद करमाटांड़ पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस चोरों की पहचान करने और चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है.

