जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित रमाडा होटल में झारखंड प्रदेश इकाई के आतिथ्य में आयोजित अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के सत्र 2026-31 का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन रविवार को संपन्न हो गया. दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें संगठन के आगामी पांच वर्षों के मिशन और रोडमैप को अंतिम रूप दिया गया.



बैठक की शुरुआत भगवान अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई. राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल ने श्री अग्रसेन फाउंडेशन के तहत अग्रोहा शक्तिपीठ में कुलदेवी आद्य महालक्ष्मी मंदिर के निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी योजनाओं की जानकारी दी.
बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय समितियों, उप-समितियों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों, संयोजकों एवं सह-संयोजकों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की. साथ ही संगठन को देशभर में और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नई समितियों के गठन और उनके कार्यक्षेत्र पर विस्तार से चर्चा की गई.
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस दौरान अखिल भारतीय अग्रवाल युवा सम्मेलन के अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल, महिला सम्मेलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष वंदना टिबड़ेवाल, भामाशाह संरक्षक विनीत गुप्ता, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नाथूराम जैन सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे.
अधिवेशन में आगामी पांच वर्षों के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए. इनमें विदेशों में बसे अग्रवाल समाज को संगठन से जोड़ने, संगठन को डिजिटल और पेपरलेस बनाने, युवाओं के स्टार्टअप को तकनीकी एवं वित्तीय सहयोग देने, सुरक्षित ग्लोबल मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म विकसित करने, यूपीएससी की तैयारी करने वाले जरूरतमंद छात्रों के लिए दिल्ली में आवास एवं स्टडी सेंटर की व्यवस्था, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान और संगठन की अनुशासन समिति के गठन जैसे विषय शामिल रहे. इसके अलावा सम्मेलन का डिजिटल मोबाइल एप विकसित करने की योजना भी प्रस्तुत की गई.
कार्यक्रम में शामिल हुई मानगो की मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि अग्रवाल समाज को हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ानी होगी. उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय से लेकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव तक समाज के योग्य लोगों को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट होकर सहयोग करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जहां-जहां और जब-जब अग्रवाल समाज को उनकी आवश्यकता होगी, वे सदैव समाज के साथ खड़ी रहेंगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





