जमशेदपुर: शहर के प्रतिष्ठित लोयोला स्कूल के छात्र अपरिमेय सेंगर ने आईसीएसई 10वीं की परीक्षा में 98.4% अंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की है. इस उपलब्धि से न केवल स्कूल बल्कि उनके परिवार में भी खुशी का माहौल है.

अपरिमेय सेंगर, जमशेदपुर फैमली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश अजित सिंह और आदित्यपुर नगर निगम की उपनगर आयुक्त पारुल सिंह के इकलौते पुत्र हैं. उनकी इस सफलता को परिवार और समाज के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है. अपरिमेय का लक्ष्य आगे चलकर एमबीबीएस की पढ़ाई करने के साथ- साथ संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी करना है. उन्होंने बताया कि वे अपने करियर को लेकर स्पष्ट हैं और भविष्य में देश सेवा के क्षेत्र में योगदान देना चाहते हैं.
पिता अजीत सिंह ने बेटे की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अपरिमेय ने उम्मीद से बढ़कर प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम आज सबके सामने है. उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी संदेश दिया कि पढ़ाई को तनाव के रूप में नहीं लेना चाहिए और असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए.
अजित सिंह (मुख्य न्यायधीश- जमशेदपुर परिवार न्यायलय)
वहीं, अपरिमेय ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी दिवंगत दादी, माता- पिता और शिक्षकों को दिया. उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया से दूरी बनाकर एकाग्रचित होकर पढ़ाई करें. उनका मानना है कि असफलता से घबराए बिना निरंतर प्रयास करने से ही सफलता मिलती है. अपरिमेय ने बताया कि पढ़ाई के साथ- साथ उन्हें फुटबॉल खेलना भी पसंद है और उन्होंने कभी पढ़ाई को बोझ नहीं समझा. उनका कहना है कि जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना सकारात्मक सोच के साथ करना चाहिए, तभी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
अपरिमेय सेंगर (छात्र)

