चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना पुलिस की ओर से विभिन्न विद्यालयों में बच्चों और शिक्षकों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को नागरिक अधिकारों, सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण और नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना है.


इसी क्रम में सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने संत जेवियर स्कूल, ढोलाबनी में नागरिकों के अधिकारों और सुरक्षा से संबंधित विषयों पर परिचर्चा की. वहीं, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गुदड़ी में छात्राओं और शिक्षकों के बीच महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने बच्चों को आपातकालीन सहायता सेवा डायल 112 की जानकारी देते हुए इसके महत्व और उपयोग के बारे में बताया. उन्होंने नागरिक सुरक्षा, नशामुक्ति तथा किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी. भाषण के माध्यम से बच्चों को जागरूक करने के साथ ही उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित किया गया.
प्रतियोगिताओं के माध्यम से किया जागरूक
जागरूकता अभियान के तहत बच्चों के बीच निबंध, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया. इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया.
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देने और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

