आदित्यपुर: पुलिस ने बीते 14 मार्च को चुना भट्ठा स्थित संजय इलेक्ट्रोनिक्स में हुए फायरिंग कांड मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जिसे पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

गिरफ्त में आए अपराधी का नाम गौरव मिश्रा है जिसका नाम जांच के क्रम में सामने आया. पुलिस ने गौरव की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्तौल भी बरामद किया है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ पूर्व में कदमा और साकची थाना में गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े केस शामिल हैं.
हालांकि मामले का मुख्य आरोपी बजरंग दल का नेता और वार्ड 17 से नगर निगम चुनाव लड़ चुके अमित रंजन उर्फ़ सानू सिंह, उसका भाई अमन सिंह और शाहिल सोनकर अभी भी फरार चल रहा है. जबकि एक नामजद आरोपी ऋषि मिश्रा पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है. कार्रवाई में आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की, पुलिस अवर निरीक्षक सतीश वर्णवाल, विनोद टुडू एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे कांड का खुलासा किया जाएगा.

