सरायकेला: जिले के खरसावां थाना पुलिस ने रंगदारी और लेवी वसूली के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई खरसावां थाना अंतर्गत आमदा ओपी क्षेत्र में दर्ज कांड संख्या 14/26 के तहत की गई है.

जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल को पिताकलाग स्थित पुल निर्माण कंपनी के साइट पर कुछ अज्ञात अपराधियों ने मुंशी और मजदूरों को धमकाया था. साथ ही साइट इंचार्ज और मुंशी को फोन कर जंगल के नाम पर काम जारी रखने के एवज में पांच लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का उद्भेदन कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार अपराधियों में मो. एहसान अंसारी, शमीर सामड़, मो. मोदासीर अंसारी, रविंद्र हाईबुरू, चंद्रमोहन बांकिरा उर्फ पांडु, दुर्गा चरण चाकी उर्फ राजन और असीम बारिक शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्तौल, दो गोली, धमकी देने में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड, कुल 9 मोबाइल फोन तथा तीन बाइक बरामद की है.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सावेया ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और ये चोरी, आर्म्स एक्ट, अपहरण व हत्या जैसे गंभीर मामलों में पहले भी जेल जा चुके हैं. इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सावैया, थाना प्रभारी गौरव कुमार, आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
पुलिस ने साफ किया है कि जिले में रंगदारी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

