जामताड़ा: Report By Manish Baranwal बंगाली समुदाय के प्रमुख पर्व पोयला बैशाख को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं. झारखंड बंगाली समिति के तत्वाधान में विद्यासागर लाइब्रेरी प्रांगण में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई.

समिति के जिला अध्यक्ष डॉ. दुर्गादास भंडारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 अप्रैल को बंगाली नववर्ष 1433 के अवसर पर सुबह 8 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेगी और अंत में रविंद्रनाथ टैगोर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर विद्यासागर लाइब्रेरी परिसर में समाप्त होगी.
कार्यक्रम के दौरान बंगाली भाषा, संस्कृति और समाज के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा भी की जाएगी. वहीं शाम के समय गांधी मैदान जामताड़ा स्थित जामताड़ा क्लब में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा. इस सांस्कृतिक संध्या में नृत्य, रवीन्द्र संगीत, नजरुल संगीत, कविता पाठ और भाषण जैसे कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे. साथ ही उपस्थित लोगों के लिए मिष्ठान वितरण की भी व्यवस्था की जाएगी. बैठक में समिति के पदाधिकारियों और जामताड़ा क्लब के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपनी- अपनी जिम्मेदारियां तय कीं.

