सरायकेला: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्क्रैप लदे वाहनों को जब्त किया है. पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में वाहन मालिकों एवं संबंधित कंपनी संचालक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है.



जानकारी के अनुसार. 1 अगस्त की दोपहर गश्ती दल को सूचना मिली कि आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया एवं आसपास के क्षेत्रों में बिना वैध दस्तावेज और फर्जी कागजात के सहारे स्क्रैप की अवैध ढुलाई और कारोबार किया जा रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए आदित्यपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कंपनी मेकर्स कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड परिसर के समीप छापेमारी की.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्क्रैप लदे एक टाटा-407 (संख्या JH-05AL-6047) तथा एक छोटा हाथी वाहन (संख्या JH-05AU-4216) को रोककर जांच की. जांच के दौरान वाहन चालकों से स्क्रैप से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके.
पुलिस ने मौके से टेल्को थाना क्षेत्र के जमको मछुआ बस्ती निवासी बबलू कुमार (28 वर्ष) तथा आरआईटी थाना क्षेत्र के आदित्यपुर-2, बनता नगर निवासी संतोष सरदार (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दोनों वाहनों के मालिकों एवं संबंधित कंपनी संचालक के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है.
आदित्यपुर थाना पुलिस ने बताया कि दोनों गिरफ्तार चालकों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. साथ ही इस अवैध स्क्रैप कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में अवैध स्क्रैप कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.





