सरायकेला: गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ और पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. इनमें दो सब इंस्पेक्टर, चार एएसआई, दो हवलदार और एक कांस्टेबल शामिल हैं. इससे पहले शनिवार को थाना प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था. इस तरह अबतक कुल 15 पुलिसकर्मियों पर निलंबन की गाज गिर चुकी है.


OD अधिकारी और मुंशी भी गिरफ्तार, तीन पहुंचे जेल
मामले में पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए गम्हरिया थाना के OD अधिकारी और मुंशी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इससे पहले शनिवार को दुष्कर्म के आरोपी वायरलेस ऑपरेटर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. इस तरह मामले में अबतक तीन पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
गौरतलब है कि रविवार को एसपी मनोज स्वर्गीयारी स्वयं गम्हरिया थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच की. एसपी के अनुसार ताजा निलंबन की कार्रवाई अनुशासनहीनता और घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को नहीं दिए जाने के कारण की गई है.
लगातार हो रही कार्रवाई के बाद गम्हरिया थाना के सभी पुलिसकर्मियों के निलंबित होने की जानकारी सामने आई है. थाना परिसर में महिला के साथ हुई इस गंभीर घटना ने पुलिस महकमे में हलचल तेज कर दी है. फिलहाल मामले में विभागीय कार्रवाई और जांच जारी है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में किसी अन्य की संलिप्तता या लापरवाही सामने आने पर उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी.

