चाईबासा. झारखंड के दूसरे बाबाधाम के नाम से प्रसिद्ध पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा प्रखंड स्थित ऐतिहासिक महादेवशाल धाम में रविवार को श्रावणी मेला का विधिवत शुभारंभ हुआ. सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने संयुक्त रूप से मेले का उद्घाटन किया. इस अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की तथा राज्यवासियों और श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की.



उद्घाटन के दौरान सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने सभी श्रद्धालुओं को श्रावणी मेला की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महादेवशाल धाम झारखंड की आस्था का प्रमुख केंद्र है. श्रावण मास में यहां हजारों श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए पहुंचते हैं. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है.
श्रावणी मेला को लेकर महादेवशाल धाम में व्यापक तैयारियां की गई हैं. झारखंड के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए चक्रधरपुर रेल मंडल ने महादेवशाल रेलवे स्टेशन पर 22 ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था की है, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा और अधिक सुगम हो गई है.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर और आसपास आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. प्रशासन और मंदिर प्रबंधन समिति भी मेले के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर पूरी तरह सक्रिय है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





