सरायकेला: थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से हलचल मच गई. ईडी की टीम ने नगर क्षेत्र अंतर्गत पटनायक टोला स्थित कारोबारी एवं ठेकेदार संजय डालमिया के आवास पर सर्च अभियान शुरू किया है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक टीम सुबह करीब सात बजे तीन वाहनों से पहुंची और आवास में प्रवेश करने के बाद दस्तावेजों की पड़ताल शुरू कर दी.


बताया जा रहा है कि ईडी के अधिकारी घर के अलग- अलग हिस्सों में वित्तीय लेन- देन से संबंधित कागजात एवं अन्य दस्तावेजों को खंगाल रहे हैं. कार्रवाई के दौरान आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी रखी गई है.
35 करोड़ के बैंक ऋण मामले से जुड़ रहे तार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ईडी की कार्रवाई सहकारिता बैंक से करीब 35 करोड़ रुपये के ऋण और उसके भुगतान से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है. हालांकि ईडी की ओर से अभी तक सर्च की वजह और जांच के दायरे को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इसी ऋण से जुड़े मामले में संजय डालमिया फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. ईडी अब किन वित्तीय लेन- देन या दस्तावेजों की जांच कर रही है, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
सर्च जारी, बरामदगी पर आधिकारिक जानकारी नहीं
सुबह से जारी कार्रवाई में अब तक किसी दस्तावेज, नकदी अथवा अन्य सामग्री की बरामदगी या जब्ती को लेकर ईडी की तरफ से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में सर्च के नतीजों को लेकर फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा.
ईडी की टीम पटनायक टोला स्थित आवास पर सर्च में जुटी हुई है. कार्रवाई पूरी होने और जांच एजेंसी की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि सर्च के दौरान क्या मिला और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

