कैमूर: शराबबंदी वाले बिहार में भभुआ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से पटना ले जाई जा रही विदेशी शराब की खेप जब्त की है. पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये मूल्य की 257.185 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. साथ ही एक अर्टिगा कार, ₹35,400 नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.



भभुआ एसडीपीओ ओम प्रकाश ने प्रेस वार्ता में बताया कि शनिवार देर रात करीब 1 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि जिगनी पुल के पास एक अर्टिगा कार से शराब की तस्करी की जा रही है. सूचना के आधार पर भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन जांच अभियान शुरू किया.
जांच के दौरान दुर्गावती की ओर से आ रही अर्टिगा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगा. पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया.
तलाशी लेने पर कार से कुल 604 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र के पिपरदाहा बंगला गांव निवासी प्रवीण कुमार और राहुल कुमार के रूप में हुई है. प्रवीण वाहन मालिक है, जबकि राहुल कार चला रहा था.
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश से सस्ती शराब खरीदकर पटना के पालीगंज में अधिक कीमत पर बेचने के लिए ले जा रहे थे. पुलिस ने बरामद शराब, कार, ₹35,400 नकद और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं. दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





