पटना: बिहार की राजधानी पटना में रविवार अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याण बीघा रोड पर हुई इस घटना में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है. घायल आरोपी की पहचान सौरव सिंह (28), पिता प्रशांत सिंह, निवासी कंकड़बाग के पत्रकार नगर क्षेत्र, पटना के रूप में बताई जा रही है.


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पटना रेफर
मुठभेड़ में घायल सौरव सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर किए जाने की जानकारी मिली है. घटनास्थल पर एसआईयू (SIU) और स्थानीय पुलिस की टीम मौजूद रही.
गैराज संचालक अंजनी हत्याकांड से जुड़ा मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सौरव सिंह का संबंध रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के विग्रहपुर में गैराज संचालक अंजनी की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले से बताया जा रहा है. इस हत्याकांड में सौरव को मुख्य आरोपी बताया गया है.
बिल्डर से 20 लाख रुपये की सुपारी लेने का दावा
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोप है कि सौरव सिंह ने एक बिल्डर से 20 लाख रुपये की सुपारी लेकर गैराज संचालक अंजनी की हत्या की थी. हालांकि, इस कथित सुपारी की पुष्टि पुलिस की आधिकारिक जांच और बयान के आधार पर होना बाकी है.
दो अन्य शूटर भी पकड़े गए, हथियार बरामद
बताया जा रहा है कि पुलिस ने सौरव सिंह के साथ दो अन्य कथित शूटरों को भी पकड़ा है. मौके से दो पिस्टल और 13 कारतूस बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है.
फिलहाल मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और आधिकारिक बयान का इंतजार है. हत्याकांड, कथित सुपारी और मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

