गढ़वा: जिले के मेराल थाना क्षेत्र के कुशमही गांव में वन अधिकार पट्टा भूमि पर चल रहे विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया. वनरोपण कार्य को लेकर दो गांवों के ग्रामीण आमने-सामने आ गए, जिसके बाद हुई मारपीट में दो लोग घायल हो गए.



जानकारी के अनुसार, कुशमही गांव में वन विभाग की ओर से वनरोपण का कार्य कराया जा रहा था. इसका कुशमही गांव के कोरवा समुदाय के लोगों ने विरोध किया. इसी दौरान गोबरदाहा गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग के कार्य का समर्थन करने लगे. दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.
मारपीट की घटना में कुशमही गांव निवासी केश्वर परहिया और बिरेंद्र कोरवा घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही मेराल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अपनी गाड़ी से सदर अस्पताल भेजकर इलाज शुरू कराया.
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





