जमशेदपुर: पुलिस ने अवैध गांजा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमजीएम थाना क्षेत्र से कथित साधु समेत दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 7.8 किलोग्राम गांजा, गांजा से भरी तैयार सिगरेट, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, मोबाइल फोन और पैकिंग सामग्री बरामद की है. दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.



वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा स्थित काली मंदिर के पास एक गुमटी में विशेष छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रौशन कुमार को गिरफ्तार किया. उसके पास से 130 ग्राम गांजा, गांजा से भरी 60 तैयार सिगरेट, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और बिक्री के ₹3,060 नकद बरामद किए गए.
पूछताछ में रौशन कुमार ने खुलासा किया कि वह बोड़ाम थाना क्षेत्र के जोबा गांव निवासी शंभू महतो उर्फ साधु से सप्ताह में दो से तीन बार गांजा खरीदकर शहर के विभिन्न इलाकों में बेचता था. इसके बाद पुलिस ने शंभू महतो के घर छापेमारी की, जहां से 7.67 किलोग्राम गांजा, गांजा के बीज और ₹5,840 नकद बरामद किए गए.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार रौशन कुमार वर्ष 2023 में भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है. पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





