आसनसोल: पूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने चार जोड़ी ट्रेनों में अस्थायी रूप से एक-एक अतिरिक्त एलएचबी कोच लगाने का निर्णय लिया है. इस व्यवस्था से यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी और त्योहार के दौरान यात्रा करने में सहूलियत मिलेगी. अतिरिक्त कोच निर्धारित अवधि तक लगाए जाएंगे.


रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मिथिला एक्सप्रेस, सियालदह–बलिया एक्सप्रेस, सियालदह–जयनगर गंगासागर एक्सप्रेस और हावड़ा–योग नगरी ऋषिकेश दून एक्सप्रेस में कोचों की संख्या बढ़ाई जाएगी.
इन ट्रेनों में बढ़ेंगे कोच
1. मिथिला एक्सप्रेस (13021/13022): इस ट्रेन में कोचों की संख्या 20 से बढ़ाकर 21 की जाएगी. हावड़ा से 15 अक्टूबर से 20 नवंबर तक और रक्सौल से 16 अक्टूबर से 21 नवंबर तक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा.
2. सियालदह–बलिया एक्सप्रेस (13105/13106): ट्रेन में कोचों की संख्या 17 से बढ़ाकर 18 की जाएगी. सियालदह से 15 अक्टूबर से 20 नवंबर तक तथा बलिया से 16 अक्टूबर से 21 नवंबर तक अतिरिक्त कोच की सुविधा मिलेगी.
3. सियालदह–जयनगर गंगासागर एक्सप्रेस (13185/13186): इस ट्रेन में भी कोचों की संख्या 17 से बढ़ाकर 18 की जाएगी. सियालदह से 15 अक्टूबर से 20 नवंबर तक और जयनगर से 16 अक्टूबर से 21 नवंबर तक एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा.
4. हावड़ा–योग नगरी ऋषिकेश दून एक्सप्रेस (13009/13010): इस ट्रेन में कोचों की संख्या 21 से बढ़ाकर 22 की जाएगी. हावड़ा से 15 अक्टूबर से 20 नवंबर तक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा, लेकिन 21 अक्टूबर को यह सुविधा नहीं मिलेगी. वहीं, योग नगरी ऋषिकेश से 17 अक्टूबर से 22 नवंबर तक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा, लेकिन 23 अक्टूबर को इसे नहीं लगाया जाएगा. रेलवे के अनुसार, इन दोनों तिथियों पर आईआरसीटीसी के एफटीआर (FTR) कार्यक्रम के कारण अतिरिक्त कोच की व्यवस्था नहीं रहेगी.
त्योहारी भीड़ में मिलेगी राहत
पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और रिश्तेदारों के यहां आने-जाने के लिए रेल यात्रा करते हैं. ऐसे में ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने से यात्रियों को अधिक बर्थ उपलब्ध होंगी. रेलवे की इस अस्थायी व्यवस्था से त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ के दबाव को कम करने और यात्रा को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

