रोहतास: अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के जयनगर गांव में नाली के पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. 12 अक्टूबर की सुबह हुई इस घटना में दोनों ओर से जमकर लाठी- डंडे चले. पीड़ित परिवार के अनुसार मारपीट में कुल 12 लोग घायल हुए हैं. पूरी घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई.


बताया जा रहा है कि विवाद नाली भरने और पानी की निकासी को लेकर शुरू हुआ था. कहासुनी बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी भेजे जाने की जानकारी है, जबकि मामूली रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.
दोनों पक्षों ने पुलिस को दिया आवेदन
पीड़ित पक्ष की ओर से एक नाबालिग लड़की के माध्यम से थाने में आवेदन देकर 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि घर के सामने की नाली भरने से मना करने पर विवाद शुरू हुआ और बाद में मारपीट की गई.
हालांकि मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को आवेदन दिया गया है. रोहतास एसपी मिस्टर राज ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन प्राप्त हुए हैं और मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है. CCTV फुटेज और दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर है.

