जामताड़ा: आर्ट ऑफ़ लिविंग फाउंडेशन के तत्वावधान में जामताड़ा के गांधी मैदान स्थित क्लब हाउस में गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर के 70वें जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में देर शाम गुरु पूजन, भव्य सत्संग और भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें आर्ट ऑफ लिविंग परिवार के सैकड़ों सदस्य शामिल हुए.

प्रशिक्षक राजेंद्र गोराई के नेतृत्व में महिला एवं पुरुष साधक भक्ति गीतों और भजनों पर झूमते नजर आए. पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह एवं आस्था के साथ गुरुदेव का जन्मोत्सव मनाया. इस अवसर पर वैश्विक कार्यक्रम “असंग एवरीडे हीरो अवार्ड” के तहत सम्मानित जामताड़ा जिले के दो कर्मयोद्धाओं संजय अग्रवाल और निवास मंडल का विशेष अभिनंदन किया गया. आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर के मार्गदर्शन में उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए पूर्व में उन्हें अवार्ड एवं अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया था.
इसके बाद गुरुदेव के जन्मोत्सव पर केक कटिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संस्था की सदस्य डॉ. मंजुला मुर्मू, माला गोराई और रीता घोष ने सहभागिता निभाई. कार्यक्रम के अंत में सभी साधकों, कर्मयोद्धाओं और भक्तजनों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया.
मीडिया कोऑर्डिनेटर विजय भगत ने कहा कि गुरुदेव का जीवन सम्पूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उनके मार्गदर्शन में आज विश्वभर में सेवा, साधना और मानव मूल्यों का संदेश पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि गुरुदेव का संदेश “तनाव मुक्त मन और हिंसा मुक्त समाज” आज पूरे विश्व के लिए अत्यंत आवश्यक है. कार्यक्रम में मोहन नरनोलिया, डॉ. मंजुला मुर्मू, प्रकाश शेखर सिंह, रीना द्विवेदी, इंदु प्रभा, राम विनय सिंह, अंजू चौधरी, रीता घोष, श्रीकांत प्रसाद, पूर्णिमा गोराई, मनोज साह, अंजू भगत, सरोज नरनोलिया, अरुण चौधरी, रामारानी सरकार, गोपाल सिंघी, शारदा प्रभा, चुमकी दास, छवि घोष और अनिता दास समेत कई सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही. अंत में सभी साधकों ने विश्व शांति, मानव कल्याण और सुख- समृद्धि की प्रार्थना करते हुए गुरुदेव के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की.
Report- Manish Baranwal



