जामताड़ा: जामताड़ा की होनहार छात्रा प्राची कुमारी ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) इंटरमीडिएट परीक्षा पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा, लगन और मेहनत का परिचय दिया है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी की लहर है. पिता मनोज बरनवाल और परिवार के अन्य सदस्य प्राची की सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं. उनकी इस उपलब्धि से जामताड़ा का भी मान बढ़ा है.


जेबीसी उच्च विद्यालय की पूर्व कॉमर्स छात्रा प्राची की शैक्षणिक उपलब्धियों का सिलसिला पहले से ही शानदार रहा है. सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 में उन्होंने कॉमर्स संकाय में राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर अपनी मेधा का परिचय दिया था. इसके बाद वर्ष 2026 में उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंसी के फाउंडेशन कोर्स में सफलता प्राप्त की. फाउंडेशन कोर्स उत्तीर्ण करने के महज नौ महीने बाद सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में भी पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया.
सीए बनने की राह में बढ़ाया एक और कदम
प्राची की यह सफलता चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने के उनके सपने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है. सीए बनने के लिए उन्हें अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की पढ़ाई, आवश्यक व्यावहारिक प्रशिक्षण यानी आर्टिकलशिप और सीए फाइनल परीक्षा जैसी अहम चुनौतियों को पूरा करना होगा. इन पड़ावों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद वह चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का अपना लक्ष्य हासिल कर सकेंगी.
मेहनत और अनुशासन से हासिल की सफलता
लगातार मिल रही सफलताओं से प्राची ने साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं. उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है. परिवार को उम्मीद है कि प्राची आगे भी इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी और सीए फाइनल परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने सपने को साकार करेंगी.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

