इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
जामताड़ा: जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कालाझरिया के समीप स्थित जामुनतर गांव में सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह गांव के लोगों को इलाके से तेज दुर्गंध आने का एहसास हुआ. इसके बाद ग्रामीण आसपास खोजबीन करने पहुंचे, जहां झाड़ियों के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला. घटना की सूचना तत्काल करमाटांड़ थाना पुलिस को दी गई.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है. साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया गया है.
स्थानीय लोगों के अनुसार शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत करीब चार से पांच दिन पहले हुई होगी. हालांकि मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है.