सरायकेला जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है. उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में शुक्रवार की देर शाम सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. यह अभियान नीमडीह थाना क्षेत्र और चांडिल थाना अंतर्गत पाटा टोल प्लाजा के पास संचालित किया गया. जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल ₹1,04,650 का जुर्माना वसूला गया.

अभियान के दौरान ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, बिना वैध कागजात के वाहन संचालन और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की गई. साथ ही वाहन चालकों को अनधिकृत और अतिरिक्त लाइट्स के उपयोग से बचने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी. उन्होंने कहा कि ओवरस्पीडिंग और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं, इसलिए ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.

