चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुआ में अवैध बालू के परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. सोमवार देर रात सोनुआ के अंचल अधिकारी (सीओ) अनुज टेटे ने छापेमारी अभियान चलाकर सोनुआ-चक्रधरपुर मुख्य सड़क से अवैध बालू लदे दो हाईवा और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े. हालांकि, इस दौरान एक हाईवा सीओ को चकमा देकर थाना के सामने से ही फरार होने में सफल रहा.


कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक हाईवा को जिला खनन विभाग के हवाले किया गया. इसके बाद खनन विभाग ने तीनों वाहनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें सोनुआ थाना को सौंप दिया.
कारो नदी के घाटों से फिर शुरू हुआ अवैध बालू परिवहन
बताया जाता है कि 15 अक्टूबर की मध्यरात्रि के बाद एनजीटी संबंधी प्रतिबंध की अवधि समाप्त होने के बाद गुदड़ी और गोइलकेरा क्षेत्र में कारो नदी के बालू घाटों से बालू का परिवहन फिर शुरू हो गया है. आरोप है कि इन क्षेत्रों से अवैध रूप से बालू लदे ट्रैक्टर और हाईवा रात के अंधेरे में गोइलकेरा से चक्रधरपुर की ओर रवाना होते हैं.
खनन टास्क फोर्स की बैठक के बाद कार्रवाई
गौरतलब है कि सोमवार को पश्चिम सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणू की उपस्थिति में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई थी. बैठक में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के साथ-साथ राजस्व संग्रह बढ़ाने पर जोर दिया गया था.
बैठक के बाद सोनुआ सीओ अनुज टेटे की ओर से चलाए गए छापेमारी अभियान में चार वाहनों को पकड़े जाने की खबर से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. वहीं, थाना के सामने से एक हाईवा के फरार होने की घटना भी चर्चा का विषय बनी हुई है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

