चांडिल/ Vikash Thakur रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी क्रम में गुरुवार को तिरुलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनवमी अखाड़ों और उनके निर्धारित रूट लाइन का भौतिक निरीक्षण किया गया. यह निरीक्षण अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल और पुलिस निरीक्षक चांडिल के नेतृत्व में किया गया. इस दौरान थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न अखाड़ों के मार्ग, संवेदनशील स्थलों और भीड़- भाड़ वाले क्षेत्रों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुलिस बल और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान विधि- व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया. प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे रामनवमी का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें.


