जमशेदपुर: बिरसानगर थाना पुलिस ने जोन नंबर तीन में हुई चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए 22 वर्षीय राहुल सामड को गिरफ्तार किया है. वहीं मामले में एक विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चार स्मार्टफोन, लैपटॉप, घड़ी समेत चोरी के कई सामान बरामद किए हैं. इसकी जानकारी सिटी एसपी ललित मीणा ने दी.


पुलिस के अनुसार बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर तीन में विजय गार्डेन के समीप स्थित श्रेष्ठम स्वीट्स और टॉम जिम को चोरों ने निशाना बनाया था. ताला और शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश करने के बाद नकद रुपये, स्मार्टफोन, लैपटॉप, चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स समेत अन्य सामान चोरी कर लिए गए थे.
घटना को लेकर 20 अक्टूबर को बिरसानगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस राहुल सामड तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया. इसी मामले में एक विधि विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया.
पुलिस बरामद सामान का सत्यापन करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों की अन्य चोरी की घटनाओं में भी कोई संलिप्तता रही है या नहीं.

