सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के टेंटोपोसी गांव में वर्ष 2023 में हुए चर्चित सहदेव महतो हत्याकांड का पुलिस ने पूरा खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी अशोक लायक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि इस हत्याकांड की साजिश खुद मृतक की पत्नी सुलेखा महतो ने अपने प्रेमी जैसन कुंभकार के साथ मिलकर रची थी. अवैध संबंधों में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए यह पूरी योजना तैयार की गई थी. साजिश के तहत जैसन कुंभकार ने अपने सहयोगियों अशोक लायक और मेघनाथ मुखी को शामिल किया और सभी ने मिलकर सहदेव महतो की हत्या को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार यह पूरी घटना पूर्व नियोजित थी, जिसमें पारिवारिक विश्वास का दुरुपयोग कर अपराध को अंजाम दिया गया.
इस मामले में पहले ही सुलेखा महतो, जैसन कुंभकार और मेघनाथ मुखी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था. वहीं लंबे समय से फरार चल रहे अशोक लायक को चांडिल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. इस कांड के अनुसंधानकर्ता सब इंस्पेक्टर सुभाष शर्मा रहे. चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इस बहुचर्चित हत्याकांड के सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से मामले में न्यायिक प्रक्रिया और मजबूत हुई है तथा जल्द ही केस को अदालत में प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जाएगा.

