पलामू: जिले के सबसे बड़े अस्पताल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) परिसर में मंगलवार को बेहद विचलित करने वाली घटना सामने आई. अस्पताल परिसर में एक आवारा कुत्ता नवजात शिशु का शव मुंह में दबाकर घूमता दिखाई दिया. घटना सामने आने के बाद मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच अफरा- तफरी मच गई.


जानकारी के अनुसार अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे एक युवक की नजर कुत्ते पर पड़ी. नवजात का शव दिखाई देने के बाद इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन और अस्पताल पुलिस चौकी को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटानी शुरू की.
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि नवजात का शव अस्पताल परिसर में कैसे पहुंचा. नवजात किसका था, उसकी मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई तथा कुत्ता शव को कहां से लेकर आया, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
घटना ने MMCH परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन और आवारा कुत्तों की आवाजाही को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि जांच पूरी होने से पहले यह स्पष्ट नहीं है कि मामले में अस्पताल प्रबंधन के स्तर पर किसी तरह की लापरवाही हुई है या शव किसी अन्य स्थान से परिसर में पहुंचा. अब पुलिस और अस्पताल प्रशासन की जांच के बाद ही नवजात की पहचान तथा पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

