चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डेमडुब्बी स्थित सुल्तान दुकान के समीप मई माह में दिनदहाड़े माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हथियार के बल पर करीब 1.65 लाख रुपये की लूट के मामले में कपाली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कांड में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.



कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद शाहिद अंसारी (31 वर्ष), पिता स्व. मोहम्मद जमाल, निवासी गौसनगर फुटबॉल मैदान के समीप, कपाली के रूप में हुई है. आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
उन्होंने बताया कि इस मामले में इससे पहले मुख्य आरोपी तारीक कुरैशी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. इसके बाद पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. इसी अभियान के दौरान शाहिद अंसारी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली.
ओपी प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और लूटकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इस गिरफ्तारी अभियान में सब-इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. कपाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.





