चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा और टोंटो थाना क्षेत्र के घने जंगलों में बुधवार तड़के सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक इनामी नक्सली मारा गया. मारे गए नक्सली की पहचान गोइलकेरा के संगाजटा सासंग साल निवासी इसराइल पूर्ति के रूप में हुई है, जिस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कोबरा 209 बटालियन सहित अन्य सुरक्षा बल पिछले दो दिनों से गोइलकेरा और टोंटो थाना क्षेत्र के रूटुगुटू, तूनबेड़ा और बोरोई इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे. बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया.
रुक- रुक कर चली इस मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी. घटनास्थल से हथियार और नक्सलियों के दैनिक उपयोग के कई संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं.
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्च अभियान चलाया जा रहा था. मुठभेड़ के बाद पूरे सारंडा क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है.
घटना के बाद आसपास के गांवों और जंगलों में सघन तलाशी अभियान जारी है, ताकि छिपे हुए अन्य नक्सलियों को भी पकड़ा जा सके. सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है.
Report by Jayant Pramanik

