सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र के इंद्रटांडी मोहल्ले में गुरुवार देर रात एक बिस्कुट कारोबारी द्वारा कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सत्यनारायण त्रिपाठी (48) के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.


मिली जानकारी के अनुसार सत्यनारायण त्रिपाठी बिस्कुट के होलसेल कारोबार से जुड़े हुए थे. उनकी तीन बेटियां हैं और सभी की शादी हो चुकी है. बताया जा रहा है कि पत्नी के निधन के बाद वह दूसरी शादी करना चाहते थे. पिछले करीब छह महीने से एक महिला के साथ उनके संबंध होने की चर्चा थी.
परिजनों के अनुसार इस संबंध को लेकर उनकी बेटियां लगातार विरोध कर रही थीं. गुरुवार को भी इसी मुद्दे पर घर में कहासुनी और विवाद हुआ था. विवाद के बाद सत्यनारायण त्रिपाठी अपने कमरे में चले गए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया.
रात करीब 10 बजे जब परिजन उन्हें बुलाने पहुंचे तो काफी आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद मामले की सूचना सरायकेला थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया.
कमरे के अंदर सत्यनारायण त्रिपाठी का शव पंखे से लटका हुआ मिला. पुलिस ने शव को नीचे उतारकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इंद्रटांडी मोहल्ले में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

