सरायकेला- खरसावां: पुलिस के विशेष अभियान प्रोजेक्ट मिलाप के तहत एक और बड़ी सफलता मिली है. सीनी ओपी क्षेत्र से लापता हुए 57 वर्षीय लालबाबू मुखी को पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया.


जानकारी के अनुसार, सीनी ओपी क्षेत्र स्थित आरपीएफ कॉलोनी निवासी लालबाबू मुखी 9 जून को बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे. काफी तलाश के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने सीनी ओपी में इसकी सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोजबीन शुरू की.
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर चलाए जा रहे प्रोजेक्ट मिलाप के तहत तकनीकी शाखा और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार प्रयास किया. तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने लालबाबू मुखी की लोकेशन का पता लगाया और उन्हें घाटशिला से सुरक्षित बरामद कर लिया.
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने लालबाबू मुखी को उनके परिजनों के हवाले कर दिया. कई दिनों से चिंतित परिवार के सदस्यों ने राहत की सांस लेते हुए पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया.
सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्रोजेक्ट मिलाप के तहत गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल कार्रवाई करती है और आधुनिक तकनीक के साथ स्थानीय स्तर पर भी सघन खोजबीन की जाती है.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी व्यक्ति के लापता होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना या ओपी को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके. लालबाबू मुखी के सकुशल मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है और क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना की है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

