
चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एनएच-33 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया. धनबाद से जमशेदपुर जा रही शराब से लदी एक वैन झाबरी गांव के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के बाद वाहन में लदी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं. हालांकि चालक इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गया.


चालक ने बताया कि वह धनबाद से ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब लेकर जमशेदपुर के डिमना जा रहा था. इसी दौरान चौका थाना क्षेत्र के झाबरी गांव के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वैन पलट गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि शराब की अधिकांश बोतलें टूट गईं और सड़क पर बिखर गईं.
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. सड़क पर बिखरी शराब की बोतलों को उठाने के लिए लोगों में होड़ मच गई. इस दौरान काफी संख्या में शराब की बोतलें ग्रामीण अपने साथ ले गए.

सूचना मिलने के बाद चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने बची हुई शराब को सुरक्षित कर चालक को सौंप दिया तथा क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने की कार्रवाई शुरू की.
चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि वैन में करीब 4.62 लाख रुपये मूल्य की ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब लदी थी. दुर्घटना में लगभग 90 प्रतिशत शराब की बोतलें टूट गईं, जबकि करीब 10 प्रतिशत शराब ग्रामीण अपने साथ ले गए. कुछ बची हुई बोतलों को चालक को सौंप दिया गया है.
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को समय पर नहीं मिली. साथ ही स्थानीय लोगों से भी अपेक्षित सहयोग नहीं मिला. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. मामले की जांच जारी है.
Edited By Sarita


