सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग के सर्विस रोड पर जयप्रकाश उद्यान टीओपी के समीप वर्षों से खड़े एक ट्रक को आखिरकार प्रशासन ने हटा दिया है. यह कार्रवाई तब हुई जब इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार-झारखंड ने संभावित हादसे से जुड़ी इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया.


खबर प्रकाशित होते ही प्रशासनिक महकमा हरकत में आया और चंद घंटों के भीतर जेआरडीसीएल (JRDCL) की क्रेन की मदद से ट्रक को सर्विस रोड से हटाकर जयप्रकाश उद्यान टीओपी के समीप सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया गया.
देखिए हमारी खबर जिसपर प्रशासन ने संज्ञान लिया 👇
https://indianewsviral.co.in/tata-kandra-road-accident-risk/
उल्लेखनीय है कि उक्त ट्रक को कई वर्ष पूर्व पुलिस द्वारा जप्त कर आदित्यपुर टीओपी के समीप सर्विस रोड पर खड़ा कर दिया गया था. लंबे समय तक एक ही स्थान पर खड़े रहने और मिट्टी धंसने के कारण ट्रक एक तरफ बुरी तरह झुक गया था. बरसात शुरू होने के साथ ही उसके कभी भी पलटने और बड़े हादसे का कारण बनने की आशंका बढ़ गई थी.
स्थानीय पार्षद नीतू शर्मा लगातार इस मुद्दे को उठा रही थीं. उन्होंने कई बार स्थानीय पुलिस और संबंधित अधिकारियों को मामले से अवगत कराया, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. अंततः उन्होंने उपायुक्त को इसकी जानकारी दी. इसके बाद इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार-झारखंड ने इस गंभीर मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके चंद घंटे के भीतर गुरुवार देर रात JRDCL के क्रेन से ट्रक को सुरक्षित हटा दिया गया. पार्षद नीतू शर्मा ने उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उपायुक्त ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कराई और एक संभावित खतरे को टाल दिया.
उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम शुरू हो चुका है. यदि समय रहते ट्रक को नहीं हटाया जाता तो किसी भी समय बड़ी अनहोनी हो सकती थी. ट्रक हटाए जाने के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है. यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर प्रशासन भी सक्रिय होता है और समय रहते संभावित खतरे को टाला जा सकता है.

