सरायकेला/ Pramod Singh रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरायकेला थाना में सर्किल इंस्पेक्टर संजय प्रसाद और थाना प्रभारी विनय कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सख्त निर्देश दिए गए.

बैठक में स्पष्ट रूप से कहा गया कि रामनवमी जुलूस के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहने और जुलूस की हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि रामनवमी जैसे संवेदनशील पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. इसके लिए सभी पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है.
सुरक्षा के मद्देनजर जुलूस मार्गों की विशेष निगरानी की जा रही है. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, साथ ही लगातार पेट्रोलिंग भी सुनिश्चित की जा रही है. पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. रामनवमी को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन हर स्तर पर तैयार नजर आ रहा है.

