राजनगर/ Rasbihari Mandal थाना क्षेत्र में रामनवमी पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक- चौबंद कर दी गई है. शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है. इसी क्रम में पुलिस द्वारा क्षेत्र में शुक्रवार को भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम किया गया और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया गया. फ्लैग मार्च थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों, प्रमुख बाजारों और मुख्य चौक-चौराहों से होकर गुजरा.

इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की.
फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा के नेतृत्व में पुलिस बल के कई जवान शामिल रहे. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि लोग निर्भय होकर पूजा- अर्चना में भाग ले सकें.
राजनगर पुलिस की इस सक्रिय पहल से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना हुआ है और लोग भी शांति एवं सद्भाव के साथ रामनवमी मनाने के लिए तैयार नजर आ रहे हैं.

