
सरायकेला: जिले के आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में शनिवार से दो दिवसीय उलि बगाइचा परब-2026 (आम महोत्सव) का भव्य शुभारंभ हुआ. जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़े आम उत्पादकों को बाजार उपलब्ध कराना, जिले में उत्पादित आम की विभिन्न किस्मों का प्रचार-प्रसार करना और किसानों को खरीदारों से जोड़ना है.


कार्यक्रम का उद्घाटन सिंहभूम सांसद जोबा माझी, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. अतिथियों का स्वागत जिले में उत्पादित आम भेंट कर किया गया.

उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने बताया कि बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत जिले के करीब 6 हजार किसान आम उत्पादन से जुड़े हैं और इस वर्ष 4 हजार क्विंटल से अधिक आम का उत्पादन हुआ है. किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर बिक्री केंद्र और स्टॉल लगाए जा रहे हैं.

सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने कहा कि आम महोत्सव किसानों के परिश्रम और उपलब्धियों को नई पहचान देने का मंच है. उन्होंने किसानों से आम के साथ केला, अमरूद, लीची, अदरक और हल्दी जैसी बागवानी फसलों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि कृषि विविधीकरण ही किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है.
जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने किसान समूहों, एफपीओ और स्वयं सहायता समूहों से आधुनिक तकनीक, सामूहिक विपणन और मूल्य संवर्धन अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आय और बाजार तक पहुंच दोनों मजबूत होगी.

महोत्सव में आम्रपाली, हिमसागर, मालदा समेत विभिन्न किस्मों के आमों की प्रदर्शनी लगाई गई है. साथ ही आम आधारित उत्पादों की प्रदर्शनी, किसान-खरीदार संवाद, एफपीओ सहभागिता और विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया. उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सरायकेला एफपीओ सहित कई किसान समूहों और समितियों को सम्मानित किया गया. दो दिवसीय इस महोत्सव का समापन 21 जून को होगा, जिसमें आम प्रदर्शनी, विपणन गतिविधियां और किसान संवाद कार्यक्रम जारी रहेंगे.
Edited By Sarita Mahato


