चाईबासा/सोनुआ: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं में नकदी की कमी के कारण ग्राहकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. शुक्रवार को बैंक में पर्याप्त नकदी उपलब्ध नहीं होने के कारण लेन-देन प्रभावित रहा, जिससे पैसे निकालने पहुंचे खाताधारकों को काफी असुविधा हुई.


शाखा से मिली जानकारी के अनुसार, सोनुआ में बैंक ऑफ इंडिया की दो शाखाएं संचालित हैं. इन शाखाओं के माध्यम से गुदड़ी शाखा को भी नकदी उपलब्ध कराई जाती है. बताया गया कि बीते बुधवार दोपहर सोनुआ शाखा में 60 लाख रुपये की नकदी पहुंची थी, जिसके बाद बैंक में लेन-देन सामान्य रूप से शुरू हुआ था.
हालांकि, शुक्रवार को नकदी लेकर आने वाले वाहन में खराबी आ जाने के कारण बैंक तक समय पर नई नकदी नहीं पहुंच सकी. इसके चलते बैंक में उपलब्ध नकदी सीमित हो गई. ऐसी स्थिति में शुक्रवार को अन्य ग्राहकों द्वारा खातों में जमा की गई राशि से ही दूसरे खाताधारकों को काउंटर पर भुगतान किया गया.
पर्याप्त नकदी उपलब्ध नहीं होने के कारण सोनुआ और गुदड़ी दोनों क्षेत्रों के खाताधारकों को दिनभर परेशानी झेलनी पड़ी. बैंक में नकदी की नियमित आपूर्ति नहीं होने से ग्राहकों को अपने ही खातों से पैसे निकालने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

