जमशेदपुर : धनतेरस एवं दीपावली के त्योहार को लेकर शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. इसका असर शुक्रवार को जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन चौक पर देखने को मिला, जहां वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण भीषण सड़क जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. देखते ही देखते चौक के चारों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.


दरअसल, धनतेरस और दीपावली की खरीदारी को लेकर शहर में लोगों की आवाजाही काफी बढ़ गई है. बड़ी संख्या में लोग अपने निजी वाहनों और यात्री वाहनों से बाजारों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन की ओर पहुंच रहे हैं. इसी कारण टाटानगर रेलवे स्टेशन चौक पर यातायात का दबाव बढ़ गया और वाहनों की रफ्तार थम गई.
जाम की गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाला. पुलिसकर्मियों ने चौक पर लगातार वाहनों को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे जाम हटाया गया और आवागमन सुचारू हो सका. इससे यात्रियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली.
त्योहारी मौसम में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता और मुस्तैदी से यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने में मदद मिल रही है. हालांकि, त्योहारों के दौरान स्टेशन चौक जैसे व्यस्त इलाकों में अतिरिक्त ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है, ताकि आम लोगों को जाम की समस्या से बचाया जा सके.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

