सरायकेला: चौका थाना क्षेत्र के झाबरी गांव के पास रविवार तड़के एनएच-33 पर हुए एक सड़क हादसे ने समाज की दो बिल्कुल अलग तस्वीरें सामने ला दीं. धनबाद से जमशेदपुर जा रही ओल्ड मॉन्क शराब से लदी एक वैन अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन वाहन में लदी अधिकांश शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं.



हादसे के कुछ ही देर बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. जहां एक ओर कई युवाओं में शराब की बोतलें उठाने की होड़ मच गई, वहीं दूसरी ओर गांव के बुजुर्ग महिला- पुरुषों ने जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना का परिचय दिया. उन्होंने हाथों में झाड़ू लेकर सड़क पर फैले कांच के टुकड़ों को साफ करना शुरू कर दिया, ताकि किसी राहगीर या वाहन चालक को नुकसान न पहुंचे.
सूचना मिलने पर चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. जानकारी के अनुसार वैन में करीब 4.62 लाख रुपये की ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब लदी थी. हादसे में लगभग 90 प्रतिशत शराब की बोतलें टूट गईं, जबकि करीब 10 प्रतिशत शराब ग्रामीण उठा ले गए.
चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि समय पर सूचना नहीं मिलने और कुछ लोगों के सहयोग नहीं करने से शुरुआती कार्रवाई प्रभावित हुई. हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. उन्होंने सड़क से कांच हटाने वाले बुजुर्गों की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह कदम सड़क सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण है.
इस घटना ने समाज के सामने दो तस्वीरें रख दीं. एक ओर कुछ लोग हादसे को शराब लूटने का अवसर मान बैठे, जबकि दूसरी ओर बुजुर्गों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सड़क को सुरक्षित बनाने का काम किया. यही संवेदनशीलता समाज को बेहतर दिशा देने का संदेश देती है.
Edited By Sarita





