
सरायकेला: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मिशन फिट इंडिया कैंपेनिंग के तहत रविवार को मैराथन रनर्स ग्रुप, गम्हरिया की 40 सदस्यीय टीम को झामुमो नेता केपी सोरेन ने घोड़ा बाबा मंदिर के समीप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. टीम ने पारडीह काली मंदिर से दलमा की चढ़ाई करते हुए फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.


इस अवसर पर केपी सोरेन ने कहा कि योग और नियमित व्यायाम स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं. युवाओं को नशे और गलत आदतों से दूर रहकर फिट इंडिया अभियान से जुड़ना चाहिए. उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है. साथ ही उन्होंने युवाओं से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की.
कार्यक्रम में बीटी दास, अशोक नायक, सुभाष मंडल, कुणाल दास, गणेश नायक, परिमल मुखर्जी, बंकिम बेज सहित मैराथन रनर्स ग्रुप के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने नियमित योग और व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया.
Edited By Sarita


