राजनगर: सरायकेला जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुनाबेड़ा पुलिया के पास रविवार सुबह लगभग 9 बजे भीषण सड़क दुर्घटना हो गई. इस हादसे में माँ रोहिणी बस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई जिससे बाइक सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.



जानकारी के अनुसार घायल व्यक्ति आशीष महतो चांडिल अनुमंडल के कल्याणपुर गांव के निवासी हैं और वे अपने परिवार के साथ हरिना मेला से लौट रहे थे. इसी दौरान यह दुर्घटना हुई. बाइक पर आशीष महतो के साथ उनकी पत्नी और दो बच्चे भी सवार थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि आशीष महतो का दाहिना पैर बुरी तरह से टूट गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी स्थिति गंभीर हो गई.
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सबसे गंभीर स्थिति तब उत्पन्न हुई जब करीब एक घंटे तक एंबुलेंस घटनास्थल पर नहीं पहुंची जिससे ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया.
इस दौरान जेएलकेएम प्रखंड अध्यक्ष संजय महतो ने एंबुलेंस की देरी पर कड़ी आपत्ति जताई और इसे गंभीर लापरवाही बताया. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में समय पर स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिलना सरकार और स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
स्थानीय लोगों की मदद से घायल आशीष महतो को बाद में राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया जहां उनका इलाज जारी है. वहीं सूचना मिलने के बाद राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.





