कांड्रा: सरायकेला- खरसावां जिले के कांड्रा पंचायत अंतर्गत एसकेजी कॉलोनी में एक टेढ़ा बिजली पोल पिछले साढ़े सात महीने से लोगों के लिए खतरे का कारण बना हुआ है. न्यू पोल और केबिलिंग कार्य के दौरान लगाया गया यह पोल आज तक सीधा नहीं किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में लगातार डर का माहौल बना हुआ है.


कॉलोनीवासियों का कहना है कि बरसात और तेज आंधी के दौरान पोल खतरनाक तरीके से झुका नजर आता है. शाम होते ही मौसम खराब होने पर लोगों की चिंता और बढ़ जाती है. स्थानीय लोगों के अनुसार यदि पोल अचानक गिर गया तो बड़ा हादसा हो सकता है, क्योंकि आसपास रिहायशी इलाके के साथ आवाजाही भी रहती है. लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद न तो विभाग ने गंभीरता दिखाई और न ही संवेदक ने मरम्मत कराने की पहल की.
ग्रामीणों का कहना है कि काम पूरा होने के बाद भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ सकता है. कॉलोनीवासियों ने बिजली विभाग और संबंधित संवेदक से तत्काल कार्रवाई करते हुए पोल को दुरुस्त कराने की मांग की है. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसी दिन बड़ा हादसा प्रशासन की लापरवाही की पोल खोल सकता है.
Report- Bipin Varshney

