सरायकेला: जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित जिला फुटबॉल लीग-2026 (अर्जुना-कप) में सोमवार को खेले गए मुकाबलों में एकतरफा जीत और रोमांच का शानदार संगम देखने को मिला. खरसावां के अर्जुना स्टेडियम में पहले मुकाबले में एसएमसी प्रधानगोडा ने बीपीएस खरसावां को 6-0 के बड़े अंतर से हराकर सुपर-5 में जगह बनाने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली. वहीं दूसरे मुकाबले में ग्रीन एरिया दलभंगा ने दमदार प्रदर्शन करते हुए मजबूत मानी जा रही तूड़ीयान एफसी को 2-1 से हराकर प्रतियोगिता का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया.



प्रधानगोडा की जीत के सबसे बड़े नायक राखी लोआदा रहे. उन्होंने शानदार हैट्रिक लगाकर विरोधी टीम की रक्षा पंक्ति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. अर्जुन सोय ने दो गोल दागे, जबकि मधु सोय ने एक गोल कर टीम की 6-0 की शानदार जीत पर मुहर लगा दी. पहले हाफ में ही प्रधानगोडा ने 3-0 की बढ़त बना ली थी. दूसरे हाफ में भी टीम ने लगातार आक्रमण जारी रखा और विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया.
दूसरा मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा. ग्रीन एरिया दलभंगा की ओर से धनसिंह और घोड़े ने एक-एक गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई. मैच के अंतिम क्षणों में चूमरु हेंब्रम ने तूड़ीयान एफसी के लिए एक गोल कर मुकाबले को रोमांचक बनाने की कोशिश की, लेकिन दलभंगा ने बढ़त बरकरार रखते हुए महत्वपूर्ण जीत अपने नाम कर ली.
मैच का उद्घाटन जिले की अंतरराष्ट्रीय महिला फुटबॉल खिलाड़ी नीलम खलको ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया. उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान करते हुए कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत उन्हें बेहतर अवसर और सही मार्गदर्शन देने की है.
अब फुटबॉल प्रेमियों की नजर मंगलवार को बिरसा स्टेडियम, सरायकेला में होने वाले मुकाबलों पर टिकी है. दोपहर 2 बजे एनएससी बुरुडीह और वाईबीएफसी राजनगर के बीच मुकाबला होगा. जबकि अपराह्न 3:30 बजे सुमित एफसी सिनी और ट्रिपल ए हरिहरपुर आमने-सामने होंगे. सुपर-5 में जगह बनाने की होड़ के बीच प्रतियोगिता अब और अधिक रोमांचक होती जा रही है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





