सरायकेला: एमएसीपी (मॉडिफाइड एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन) का लाभ देने की मांग को लेकर झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ (झारोटेफ) ने सोमवार को राज्यव्यापी आंदोलन के पहले चरण की शुरुआत की. प्रांतीय कमेटी के आह्वान पर सरायकेला-खरसावां जिले के सभी प्रखंडों और विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों ने सरकार के आदेश की प्रतियां जलाकर विरोध-प्रदर्शन किया. इस दौरान शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई.



शिक्षक नेताओं ने कहा कि लंबे समय से एमएसीपी का लाभ देने की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं ले सकी है. इससे शिक्षकों में भारी नाराजगी है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
आंदोलन में झारोटेफ के प्रांतीय मुख्य प्रवक्ता ब्रजमोहन यादव, प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित कुमार महतो, जिला अध्यक्ष संतोष कुमार महतो, जिला सचिव जवाहरलाल महतो, जिला कोषाध्यक्ष हरेकृष्ण महतो समेत जिला, प्रखंड और विद्यालय स्तर के बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए. संगठन ने स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





