
सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र स्थित पाटरा पोखरी तालाब के जीर्णोद्धार की दिशा में नगर पंचायत ने ठोस पहल शुरू कर दी है. शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने तालाब का स्थल निरीक्षण कर उसकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान भूमि संरक्षण विभाग के पदाधिकारी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, सिटी मैनेजर महेश जारीका, वार्ड पार्षद गौतम नायक तथा अभियंता अजय सुंडी मौजूद रहे.


निरीक्षण में पाया गया कि लंबे समय से समुचित रखरखाव के अभाव में तालाब की स्थिति काफी खराब हो चुकी है. तालाब जलीय खरपतवार, गाद, पत्तों और गंदगी से भर गया है, जिससे इसकी जल संग्रहण क्षमता प्रभावित हो रही है और स्थानीय लोगों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है.

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि चुनाव के दौरान वार्डवासियों से किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में अब कार्य शुरू कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि पाटरा पोखरी केवल एक तालाब नहीं, बल्कि क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहर और जल संरक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र है. इसके पुनर्जीवन से भू-जल स्तर में सुधार होगा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को स्वच्छ एवं उपयोगी जलाशय उपलब्ध होगा.
उन्होंने अधिकारियों को तालाब की वर्तमान स्थिति, जलग्रहण क्षेत्र, गाद की मात्रा, सफाई और गहरीकरण की संभावनाओं का विस्तृत तकनीकी सर्वे कर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. साथ ही भूमि संरक्षण विभाग और नगर पंचायत के समन्वय से स्थायी संरक्षण की योजना बनाने पर जोर दिया.
नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने कहा कि तालाब के जीर्णोद्धार से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी और नागरिकों को स्वच्छ जल स्रोत उपलब्ध होगा. वहीं वार्ड पार्षद गौतम नायक ने इसे वार्डवासियों की लंबे समय से लंबित मांग बताते हुए नगर पंचायत की पहल का स्वागत किया.
निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द ही तालाब के जीर्णोद्धार और विकास कार्य की विस्तृत योजना तैयार की जाएगी.
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा, “जो वादा किया है, उसे निभाना हमारी जिम्मेदारी है. पाटरा पोखरी तालाब का पुनर्जीवन केवल एक विकास कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने का प्रयास है.”


